चोरी की बाइक का सौदा पड़ा महंगा,युवक काबू होने पर मचा हंगामा,थाने पहुंचा मामला, देखें वीडियो
जालंधर 21 फरवरी (ब्यूरो) :
जालंधर में चोरी की बाइक 5 हजार में खरीदने का मामला सामने आया है, जिसमें लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और इलाके में काफी हंगामा हो गया।
जालंधर वेस्ट हलके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। थाना 5 के अधीन आते इलाके में पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में एक युवक को काबू किया है। मिली जानकारी के अनुसार बस्ती दानिशमंदा में पीसीआर टीम ने चोरी की बाइक खरीदने के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया, जबकि इससे पहले एक अन्य युवक को भी पुलिस अपने साथ ले जा चुकी थी।
आरोप है कि बस्ती दानिशमंदा के दो युवकों ने चोरी की बाइक मात्र 5 हजार रुपये में खरीदी थी। पकड़े गए युवक की माता का कहना है कि उसके बेटे ने 5 हजार रुपये में बाइक खरीदी थी, जिसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई।
दूसरी ओर, दानिशमंदा के एक स्थानीय प्रधान ने दावा किया कि उसके बेटे की बाइक करीब 20 दिन पहले चोरी हो गई थी, जो अब इन युवकों के पास से बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले ही थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी, हालांकि आरोपी युवक चोरी में शामिल होने से इनकार कर रहे हैं।
घटना को लेकर इलाके में भारी हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि युवक को पहले स्थानीय लोगों ने ही पकड़ लिया था। लोगों का आरोप है कि युवकों ने बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार बाइक पर पड़े डेंट के आधार पर उसकी पहचान की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों के साथ हाथापाई भी की, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया।

