DGP गौरव यादव ने ANTF की नई इमारत का किया उद्घाटन,आधुनिक सुविधाओं से किया गया अपग्रेड
जालंधर 19 फरवरी (ब्यूरो) : पंजाब के DGP गौरव यादव ने आज पंजाब पुलिस की ओर से जालंधर के पुलिस लाइन्स जालंधर में ANTF (Anti-Narcotics Task Force) जालंधर रेंज की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि करीब 1.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह इमारत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक मजबूत बनाएगी।
डीजीपी पंजाब ने एडीजीपी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि इस वर्ष एएनटीएफ की यह दूसरी इमारत है जिसका उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से लुधियाना में भी Anti-Narcotics Task Force की नई इमारत का निर्माण कार्य जारी है, जो अगले 4 से 5 महीनों में तैयार हो जाएगी। इसके अलावा फिरोजपुर में भी नई इमारत का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर साल 10 से 12 करोड़ रुपये की लागत से एएनटीएफ को अपग्रेड किया जा रहा है।

इस दौरान Anti-Narcotics Task Force टीम को आधुनिक सुविधाओं से लैस नई गाड़ियां भी मुहैया करवाई गईं। डीजीपी ने बताया कि 2.5 करोड़ रुपये की लागत से ऐसा विशेष उपकरण उपलब्ध कराया गया है, जो 500 से अधिक प्रकार के ड्रग्स की पहचान करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी के बाद अभियान के तहत करीब 10 हजार गिरफ्तारियां की गईं, हालांकि जांच के बाद कुछ लोगों को रिहा भी किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। तरनतारन में आप सरपंच की हत्या के मामले में विदेश में बैठे गैंगस्टरों द्वारा सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के संबंध में उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर बैठे अपराधी युवाओं को पैसों का लालच देकर वारदातों को अंजाम दिलवा रहे हैं। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें भारत लाकर जांच में शामिल किया जा सके।
ईमेल के जरिए मिल रही धमकियों के मामलों पर उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे विवाद के माहौल का फायदा उठाकर कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई कर रहा है।
लक्की ओबरॉय हत्याकांड का जिक्र करते हुए डीजीपी पंजाब ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा आरोपियों को पनाह देने वाले दो अन्य लोगों को भी काबू किया गया है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने सरहाली केस का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टर युवाओं और नाबालिगों को लालच देकर अपराध करवाते हैं। उस मामले में भी नाबालिगों को विभिन्न प्रलोभन देकर वारदात करवाई गई थी, जिन्हें बाद में पकड़कर केस सुलझा लिया गया।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य होने के कारण कई चुनौतियों का सामना करता है और यहां हर साल करीब 700 हत्या के मामले दर्ज होते हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अपराध दर दिल्ली और हरियाणा की तुलना में कम है।
पाकिस्तान से हथियार और नशे की तस्करी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद ड्रोन एंट्री सिस्टम के जरिए आने वाले हथियारों की बड़ी खेप बरामद की गई है, जिसके चलते राज्य में नशे और अवैध हथियारों पर पुलिस ने काफी हद तक नियंत्रण पाया है।

