जालंधर स्कूल विवाद : छात्र के घर तक पहुंचकर पिटाई करने का आरोप, हंगामे दौरान मां हुई बेहोश, देखें वीडियो

CRIME EDUCATION JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर स्कूल विवाद : छात्र के घर तक पहुंचकर पिटाई करने का आरोप, हंगामे दौरान मां हुई बेहोश, देखें वीडियो

जालंधर 14 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के गढ़ा स्थित टंकी मोहल्ला में स्थित Seth Ramchand Memorial School में छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद एक टीचर पर छात्र की बेरहमी से पिटाई करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी हंगामा हो गया। हंगामे के दौरान एक छात्र की मां के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित छात्र के पिता राकेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा राघव स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है। आरोप है कि बीते दिन स्कूल में राघव का एक टीचर रितु के भतीजे के साथ झगड़ा हो गया था। इसी दौरान टीचर ने कथित तौर पर छात्र की पिटाई की और उसे पीटते हुए उसके घर तक ले गई। घटना की जानकारी उन्हें स्कूल की एक अन्य टीचर द्वारा फोन पर दी गई। पिता ने बताया कि घटना के बाद बच्चे में डर का माहौल है और वह स्कूल जाने से घबरा रहा है।

 

पीड़ित पिता के अनुसार जब वे इस मामले को लेकर स्कूल प्रिंसिपल से बात करने पहुंचे तो वहां दूसरे छात्र के अभिभावक भी मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि टीचर और उनके परिजनों ने स्कूल परिसर में उनके साथ बहस और विवाद किया।

 

वहीं एक अन्य महिला संगीता ने भी आरोप लगाया कि उसका बेटा राहुल भी उसी स्कूल में पढ़ता है और जब वह बच्चों को छुड़वाने के लिए पहुंची तो टीचर रितु ने उसके बेटे की भी पिटाई की। महिला का कहना है कि टीचर उनके सामने ही राघव को पीट रही थी। उसने बताया कि उसके पति ने प्रिंसिपल से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

 

पीड़ित परिवार की एक लड़की ने बताया कि घटना के समय उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि उनकी दादी अस्पताल में भर्ती थीं। इसी दौरान दूसरे छात्र के परिजन उनके घर पहुंचे और लड़के को बाहर बुलाने लगे। लड़की के अनुसार जब उसका भाई घर पहुंचा तो तीन महिलाओं ने उसकी पिटाई की और उसे जबरन साथ ले गईं। आरोप है कि गली में भी उसकी पिटाई की गई और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

 

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना 7 की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि टीचर द्वारा छात्र की पिटाई की शिकायत मिली है और परिवार को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी टीचर द्वारा छात्र के घर जाकर पिटाई करना गलत है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *