गली में खेल रही बेटी को लेने आई मां बनी निशाना, बाइक सवार सीसीटीवी में कैद
जालंधर 6 मार्च (ब्यूरो) : करतारपुर के आर्य नगर इलाके में दिनदहाड़े लूट की एक वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार दो युवकों ने चतुराई से पहले गली में खेल रही बच्ची से बातचीत शुरू की और फिर मौके का फायदा उठाकर उसकी मां के कानों से बालियां झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, वहीं पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार आर्य नगर निवासी सुरेंद्र कौर, पत्नी बृज लाल, की बेटी गली में खेल रही थी। उस समय गली में कुछ महिलाएं भी बैठी हुई थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बच्ची के पास रुककर उससे बात करने लगे। बच्ची को अजनबी युवकों के साथ बातचीत करते देख सुरेंद्र कौर तुरंत वहां पहुंच गईं। जैसे ही वह बच्ची के पास पहुंचीं, आरोपियों ने अचानक उनके कानों से बालियां झपट लीं।
महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गली में बैठी अन्य महिलाओं ने भी आवाज लगाई, लेकिन आरोपी पहले से ही बाइक स्टार्ट रखे हुए थे और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। भागते समय दोनों युवक गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाना करतारपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

