बिना चेतावनी बोर्ड के चल रहा था निर्माण कार्य, सीधे गड्ढे में जा गिरी बाइक
जालंधर 2 मार्च (ब्यूरो) : पंजाब के जालंधर में लापरवाही और असुरक्षित निर्माण कार्य ने एक युवक की जान ले ली। जंडू सिंघा की ओर जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास बने गहरे गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुल के पिलर के लिए करीब 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें देर रात बाइक सहित युवक जा गिरा।
रात भर गड्ढे में पड़ा रहा घायल युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। पास में मौजूद मजदूरों ने गिरने की आवाज सुनी, लेकिन किसी ने मौके पर जाकर मदद नहीं की। गंभीर रूप से घायल युवक कई घंटों तक गड्ढे में ही तड़पता रहा और आखिरकार उसने वहीं दम तोड़ दिया।
सुबह राहगीरों ने देखा मंजर
सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं तो उनकी नजर गड्ढे में गिरी बाइक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर युवक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मजदूरों ने स्वीकार किया कि रात को एक व्यक्ति गिरा था, लेकिन उन्होंने यह सोचकर मदद नहीं की कि वह खुद बाहर निकल जाएगा।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
गड्ढे के अंदर लोहे के सरिये लगे हुए थे, जिनसे टकराने के कारण युवक की आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके से उसके कान में लगे हेडफोन और बाइक की चाबियां बरामद हुईं, जबकि मोबाइल फोन और पर्स गायब मिले।
पहचान नहीं हो सकी, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भिजवाया गया। मृतक युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेज दी है और मामले की जांच जारी है।
लूटपाट की आशंका, लोगों में नाराजगी
युवक का मोबाइल और पर्स गायब मिलने से लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल युवक की मदद करने के बजाय किसी ने उसका सामान चोरी कर लिया। लोगों ने इस घटना को इंसानियत को शर्मसार करने वाली बताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अंधेरा और सुरक्षा की कमी बनी जानलेवा
हादसे वाली जगह पर पुल निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। रात के समय रोशनी का कोई प्रबंध नहीं था और गड्ढे के पास केवल मिट्टी डालकर औपचारिक बेरिकेडिंग की गई थी। चेतावनी बोर्ड या संकेतक भी नहीं लगाए गए थे, जिससे अंधेरे में गड्ढा नजर नहीं आया और बाइक सवार सीधे उसमें गिर गया।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और युवक के सामान के गायब होने के पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

