जालंधर में सरेआम स्नेचिंग, ड्यूटी से लौट रही युवतियों को बनाया निशाना
जालंधर 18 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर महानगर में चोरी और स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं ने आम जनता और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला आबादपुरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां शिंगारा सिंह अस्पताल के बाहर दो युवतियां स्नेचरों का शिकार हो गईं। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार थाना नंबर 6 के अधीन आते इलाके में दो युवतियां अपनी ड्यूटी खत्म कर एक्टिवा पर घर लौट रही थीं। जब वे आबादपुरा रोड की एक गली के पास पहुंचीं, तभी पीछे से स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक आए और झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। अचानक हुई इस वारदात से घबराई युवतियों ने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन स्नेचर तेज रफ्तार से नकोदर रोड की ओर फरार हो गए।
पीड़ित युवतियों ने बताया कि छीने गए पर्स में उनका महंगा मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और नकदी मौजूद थी। घटना के बाद दोनों युवतियां सदमे में हैं और काफी डरी हुई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत दर्ज कराने थाना नंबर 5 पहुंचीं तो उन्हें थाना नंबर 6 भेज दिया गया। वहीं थाना नंबर 6 में उन्हें सुबह आने के लिए कह दिया गया। युवतियों का कहना है कि वे पहले ही स्नेचिंग की घटना से परेशान थीं, लेकिन पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के बजाय उन्हें इधर-उधर भेजा गया।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी रोष देखा जा रहा है। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे केवल ट्रैफिक चालान काटने तक ही सीमित रह गए हैं, जबकि आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आती। लोगों का आरोप है कि इस रोड पर आए दिन लूट और स्नेचिंग की घटनाएं होती रहती हैं और पिछले 10 से 15 दिनों में यह पहली वारदात नहीं है।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि यदि समय रहते पुलिस गश्त बढ़ाई जाती और लिंक रोड्स पर सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाते, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है।
फिलहाल पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

