फिरोजपुर मंडल में महाप्रबंधक से मिले ओबीसी रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी, उठाए कई अहम मुद्दे
जालंधर 8 अप्रैल (ब्यूरो) : ऑल इंडिया ओबीसी रेलवे कर्मचारी संगठन के मंडल सचिव ब्रजेश कुमार की अगुवाई में फिरोजपुर मंडल आगमन पर महाप्रबंधक राकेश कुमार पाण्डेय का स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी सम्पन्न हुई।

बैठक में संगठन के प्रतिनिधिमंडल में लुधियाना के ब्रांच सचिव कपिल कुमार सैनी और प्रधान राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती और प्रभावी ढंग से महाप्रबंधक के समक्ष रखा।
बैठक के दौरान जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई, उनमें मिनिमम गारंटी किलोमीटर (Minimum Guarantee KM), एसी एवं कैरिज एस्कॉर्टिंग स्टाफ के लिए ट्रेनों में सीट की व्यवस्था, GDCE परीक्षा से संबंधित विषय, डीआरएम कार्यालय में अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था, पर्सनल विभाग में इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्टाफ और फर्नीचर की कमी, स्पाउस एवं म्यूचुअल ट्रांसफर की समस्याएं शामिल रहीं।
इसके अलावा जालंधर में क्रिकेट स्टेडियम की मांग, कर्मचारियों को छीन-झपट की घटनाओं से बचाने के लिए आरपीएफ की एक अतिरिक्त कंपनी की तैनाती तथा सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गुड्स) के लिए सेफ्टी शूज़ की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
मंडल सचिव ब्रजेश कुमार ने कहा कि संगठन हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी तरह मजबूती से उनकी आवाज उठाता रहेगा।
बैठक सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई। महाप्रबंधक ने सभी मुद्दों पर उचित विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान संजीव कुमार, त्रिपुरारी साह, सुनील कुमार, विकास चंद्रा, महेश बेलहरी, इंद्रजीत, उमेश कुमार, दीपक टांक, यशवर्धन, हरविंदर, ओमाराम भारती और बीरेंद्र सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

