घर लौटे परिवार के उड़े होश, CCTV में दिखा नकाबपोश
जालंधर 14 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती दानिशमदां इलाके में एक घर में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोर घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। जब परिवार वापस लौटा तो उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद मामले की सूचना थाना पाँच की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बस्ती दानिशमदां निवासी महक ने बताया कि वह अपने पति के साथ मायके गई हुई थी। जब वह मायके से वापस घर लौटी और कमरे में गई तो देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अलमारी भी खुली पड़ी थी। अलमारी की जांच करने पर पता चला कि चोर एक सोने की चेन, तीन अंगूठियां, एक नथ, दो सोने के सेट, चांदी की गणेश जी की मूर्ति और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गया है। इसके बाद उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों को इकट्ठा कर पुलिस को सूचना दी।
परिवार ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी, जिसमें एक नकाबपोश युवक चोरी के बाद वहां से भागता हुआ दिखाई दिया। हालांकि उसका चेहरा साफ नजर नहीं आने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
थाना पाँच के एसएचओ यादविंदर सिंह ने बताया कि बस्ती दानिशमदां निवासी जतिन की ओर से घर में चोरी की शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है और पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

