पीड़ित का आरोप कार चालक नशे में था, पुलिस ने किया राउंडअप कर करवाया मेडिकल
जालंधर 14 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के स्काईलार्क चौक के पास देर रात दो वाहनों की टक्कर का मामला सामने आया है। हादसे में एक स्कॉर्पियो गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है। स्कॉर्पियो चालक ने आरोप लगाया है कि कार चालक नशे की हालत में था और टक्कर मारने के बाद उसे धमकियां भी दे रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार सूर्य एंक्लेव निवासी रमेश कुमार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी चौक के पास खड़ी कर उसे बैक कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। रमेश कुमार का कहना है कि कार चालक करीब 100 की स्पीड से आया और गाड़ी को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत थाना नंबर 4 की पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को राउंडअप कर लिया। रमेश कुमार के अनुसार जब पुलिस कार चालक को पकड़कर थाने लेकर आई तो वह नशे में दिखाई दे रहा था और ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।
रमेश कुमार ने बताया कि कार चालक उन्हें धमकियां भी दे रहा था और किसी को फोन करवाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस कर्मियों ने कार चालक का मेडिकल करवाया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों वाहनों को थाने में खड़ा कर लिया गया है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। कार चालक का देर रात मेडिकल करवाया गया था और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से देर रात शराब पीकर वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में सेंट्रल टाउन इलाके में भी नशे में धुत एक कार चालक ने दुकान का शटर तोड़ दिया था। उस घटना में लोगों ने आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। अब स्काईलार्क चौक के पास हुई यह नई घटना भी लोगों की चिंता बढ़ा रही है।

