घरेलू कलह ने ली एक और जान, महिला की आत्महत्या से इलाके में शोक
जालंधर 25 फरवरी (ब्यूरो) : न्यू पृथ्वी नगर में 6 साल के बच्चे की मां ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर उर्फ प्रीति (32) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मनजिंदर सिंह (ए.एस.आई.), थाना रामा मंडी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां प्रीति का शव पंखे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतका की दादी शरण कौर पत्नी स्वर्गीय सौदागर सिंह, निवासी मिट्ट बस्ती, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पौत्री की शादी वर्ष 2017 में प्रदीप सिंह हैप्पी पुत्र गुरनाम सिंह, निवासी न्यू पृथ्वी नगर के साथ करवाई थी।
शरण कौर के अनुसार, 23 फरवरी को शाम 7 बजे और रात 9:30 बजे उनके दामाद प्रदीप सिंह का फोन आया, जिसमें उसने मनप्रीत को ले जाने के लिए कहा और धमकी दी कि यदि उसे नहीं ले जाया गया तो वह उसे मार देगा। बाद में उसका फोन बंद हो गया।
उन्होंने बताया कि 24 फरवरी की सुबह गुरुद्वारे के ग्रंथी का फोन आया, जिसने मनप्रीत द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां बेडरूम में मनप्रीत का शव पंखे से लटकता मिला।
शरण कौर ने आरोप लगाया कि उनकी पौत्री ने पति प्रदीप सिंह से परेशान होकर आत्महत्या की है। पुलिस ने इस मामले में प्रदीप सिंह के खिलाफ थाना रामा मंडी में धारा 180 बी.एन.एस. के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी मनजिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं मृतका का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

