जन्मदिन पर पूर्व सीएम की प्रतिमा पर गंदगी को देख कांग्रेसियों ने जताया रोष

Featured JALANDHAR POLITICS ZEE PUNJAB TV

जन्मदिन पर पूर्व सीएम की प्रतिमा पर गंदगी को देख कांग्रेसियों ने जताया रोष

जालंधर 19 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के जन्मदिन के मौके पर उनकी प्रतिमा की साफ-सफाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिमा पर गंदगी पाए जाने से कांग्रेस नेताओं में रोष देखने को मिला।

 

जानकारी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान चौक स्थित बेअंत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेअंत सिंह पंजाब के 12वें मुख्यमंत्री थे और वर्ष 1992 में आत्मघाती बम हमले में शहीद हो गए थे। उन्होंने पंजाब में शांति और स्थिरता के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

 

कांग्रेस नेता राजिंदर बेरी ने कहा कि जब वह पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंचे तो प्रतिमा के आसपास साफ-सफाई के उचित प्रबंध नहीं थे और प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढ़ी की व्यवस्था भी नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही जन्मदिन समारोह को लेकर उचित व्यवस्थाएं करने की अपील की गई थी, लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह मेयर से मुलाकात कर प्रतिमा के आसपास फैली गंदगी के बारे में अवगत करवाएंगे।

 

वहीं कांग्रेस नेत्री सुरिंदर कौर ने कहा कि बेअंत सिंह ने पंजाब में आतंकवाद को रोकने और प्रदेश में अमन-शांति स्थापित करने के लिए अपनी शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि राज्य को एक बार फिर शांति और सद्भाव की आवश्यकता है और इसी भावना के साथ वह उनके जन्मदिन पर श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *