Hotel Mariton विवाद में नया मोड़, हाथापाई मामले में केस दर्ज,दुआ की बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

Hotel Mariton विवाद में नया मोड़, हाथापाई मामले में केस दर्ज,दुआ की बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

जालंधर 14 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के Hotel Mariton में होटल पार्टनरों के बीच हुई हाथापाई का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस विवाद में अब पुलिस कार्रवाई भी हो चुकी है, जबकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में होटल के पार्टनर यशपाल दुआ की बेटी ने प्रेस वार्ता कर घटना को लेकर अपना पक्ष रखा और कई खुलासे किए।

 

जानकारी के अनुसार होटल में हुई मारपीट के मामले में पार्टनर परमजीत मरवाहा और यशपाल दुआ द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। इस मामले में पुलिस ने होटल के पार्टनर यशपाल दुआ, गुलशन दुआ, उमेश दुआ, शिवी दुआ सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए के तहत केस दर्ज किया है।

 

प्रेस वार्ता के दौरान यशपाल दुआ की बेटी ने बताया कि 12 फरवरी को होटल में यश दुआ की पोती का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था, जहां डांस पार्टी चल रही थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान परमजीत मरवाहा वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता के अनुसार मरवाहा ने उन्हें धमकी दी और जब वह नीचे पहुंची तो उनके पिता समेत अन्य लोगों के साथ हाथापाई हो रही थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कार्यक्रम में इस तरह हंगामा करना गलत है।

 

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि यह विवाद अचानक नहीं हुआ, बल्कि पिछले सात महीनों से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे उनके पिता मानसिक तनाव में आ गए हैं। उनका कहना है कि मरवाहा पक्ष होटल की हिस्सेदारी को लेकर दबाव बना रहा है और पांच प्रतिशत हिस्से को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी ओर से कोई झगड़ा नहीं किया गया, बल्कि पुराने विवाद को लेकर जानबूझकर मामला बढ़ाया गया।

 

उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दौरान और बाद में हुई प्रेस वार्ता में मौजूद कुकरेजा नामक व्यक्ति ने झगड़ा रोकने की कोशिश नहीं की। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि परमजीत मरवाहा के सगे भाई, जिनकी होटल में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी है, भी उनके साथ खड़े हैं। पीड़िता का कहना है कि मरवाहा के अपने भाई से संबंध ठीक नहीं हैं, जिससे उनके व्यवहार का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

पगड़ी उतरने और ड्रिंक फेंकने के आरोपों को भी पीड़िता ने नकारते हुए कहा कि ड्रिंक उनकी ओर से नहीं गिराई गई थी और हाथापाई के दौरान पगड़ी उतरने पर उसे सम्मानपूर्वक टेबल पर रखा गया था। उन्होंने कहा कि पगड़ी का कोई अपमान नहीं किया गया और झगड़ा मरवाहा की ओर से शुरू किया गया था।

 

परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें धर्म की आड़ में फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि वायरल वीडियो में भी पगड़ी के साथ किसी तरह की बदसलूकी दिखाई नहीं देती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *