किसान यूनियन का अल्टीमेटम,गन्ने की बकाया राशि न मिली तो इस दिन होगा हाईवे जाम

JALANDHAR PUNJAB

किसान यूनियन का अल्टीमेटम,गन्ने की बकाया राशि न मिली तो इस दिन होगा हाईवे जाम

जालंधर 5 अगस्त (ब्यूरो) : फगवाड़ा में गन्ना किसानों का बकाया भुगतान एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन गया है। भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) ने प्रशासन और शुगर मिल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए ऐलान किया है कि यदि किसानों का बकाया जल्द जारी नहीं किया गया तो 20 अगस्त को फगवाड़ा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

 

प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रधान मनजीत रॉय ने कहा कि पंजाब के गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान अभी भी शुगर मिलों की ओर से लंबित है। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मनजीत रॉय ने बताया कि फगवाड़ा शुगर मिल की ओर से वर्ष 2021-22 के गन्ने का लगभग 27.84 रुपये प्रति क्विंटल और सीजन 2025-26 का 68.50 रुपये प्रति क्विंटल अभी तक किसानों को नहीं मिला है। इसके अलावा अन्य शुगर मिलों की ओर से 41.60 रुपये प्रति क्विंटल की कटौती की गई थी, जिसका भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसान संगठन इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मिल चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते 10 अगस्त को कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि सरकार और प्रशासन इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे।

किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी बकाया राशि जारी नहीं होती, तो 20 अगस्त को फगवाड़ा मंडी में किसानों की बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। सभा के बाद किसान हाईवे की ओर मार्च करेंगे और फगवाड़ा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *