जालंधर : 6 ताले तोड़कर दुकान में घुसे चोर, दो बार लौटकर समेट ले गए कैश और दस्तावेज
जालंधर 5 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के इनकम टैक्स कॉलोनी रोड स्थित क्वालिटी स्वीट्स एंड बेकर्स में बुधवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये की नकदी के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर छह हाई सिक्योरिटी ताले तोड़े और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखी तिजोरी से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी निकाल ली। हैरानी की बात यह रही कि पहली चोरी के करीब आधे घंटे बाद दोनों आरोपी दोबारा दुकान में लौटे और दूसरी जगह रखी करीब 75 हजार रुपये की नकदी तथा पासपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी ऑरेंज रंग की टी-शर्ट पहने दुकान के अंदर तलाशी लेते हुए दिखाई दे रहा है। दूसरी फुटेज में वह तिजोरी से नकदी निकालकर अपनी जेब में रखता नजर आ रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
दुकान के मालिक अभिशांत ने बताया कि सुबह करीब 6:15 बजे उन्हें दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी का फोन आया, जिसने चोरी की सूचना दी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के सभी छह ताले टूटे हुए थे। उनके अनुसार करीब ढाई से तीन लाख रुपये की नकदी, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। उन्होंने बताया कि दूध सप्लायरों के भुगतान और त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकान में नकदी रखी गई थी।
पीड़ित का कहना है कि घटना में दो युवक शामिल थे। एक युवक बाहर बाइक पर मौजूद था, जबकि दूसरा दुकान के अंदर जाकर चोरी कर रहा था। उन्हें संदेह है कि घटना को नाबालिगों ने अंजाम दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एएसआई राज मसीह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि दुकानदार ने आरोप लगाया कि चोरी की जांच पर ध्यान देने की बजाय एएसआई ने उनसे ही सवाल-जवाब करते हुए यह कहा कि दुकान में इतनी नकदी और जरूरी दस्तावेज क्यों रखे गए थे। पीड़ित ने पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई।
बाद में थाना-6 की प्रभारी राजवंत कौर भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दुकानदार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार शिकायत में फिलहाल दो लाख रुपये की नकदी चोरी होने का उल्लेख किया गया है, जबकि जांच के बाद वास्तविक नुकसान का आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।
