युवा जोश और राजनीतिक अनुभवशील सोच से लिखी जाएगी भाजपा की नई गाथा : इंजी.चंदन रखेजा
जालंधर 22 जनवरी (ब्यूरो) : भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। भाजपा ने युवा नेता नितिन नवीन को निर्विरोध अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है। इस नाम का प्रस्ताव दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में भाजपा की पूरी टीम द्वारा एकमत से रखा गया और संगठन पर्व को संपन्न करते हुए नए अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जालंधर के नेता इंजीनियर चंदन रखेजा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएँ दीं तथा उनके नए कार्यकाल के लिए बधाई दी। चंदन रखेजा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नितिन नवीन जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भाजपा में एक नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। युवा जोश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का समर्पण और गृह मंत्री अमित शाह जी का राजनीतिक अनुभव यह तीनों मिलकर एक अत्यंत सशक्त संयोजन बनाते हैं, जिसका लाभ आने वाले समय में भाजपा को अवश्य मिलेगा।
चंदन रखेजा ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के इस निर्णय से राजनीति में अपनी पहचान तलाश रहे लाखों युवाओं के चेहरों पर खुशी आई है और सभी में एक नया उत्साह पैदा हुआ है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के बीच यही स्पष्ट अंतर दिखाई देता है कि यहाँ ‘स्व’ से पहले ‘सर्व’ का हित सर्वोपरि माना जाता है, इसी कारण हम सबका साथ, सबका विकास की बात करते हैं।


