जालंधर में युवा क्रांति संगठन को बड़ी सफलता, युवाओं का मिला भारी समर्थन
जालंधर 4 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में आज युवा क्रांति संगठन द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान संगठन को बड़ी सफलता मिली। इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनी सिंह की अगुवाई में भारी संख्या में युवा और समर्थक शामिल हुए। बैठक के दौरान इलाके के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कई नए चेहरे संगठन से जुड़े।

इस मौके पर युवाओं ने एक स्वर में पंजाब में बढ़ रहे नशे के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा पंजाब के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है और इसे खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा क्रांति संगठन इस मिशन को लेकर गंभीर है और गांव-गांव तथा शहर-शहर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों का भी ऐलान किया गया। बंटी को शहरी प्रधान और अमित आहूजा को शहरी सीनियर उपप्रधान नियुक्त किया गया। इसके अलावा गुजराती समाज से आए समर्थकों में से आर.के. को वार्ड प्रधान बनाया गया। नई टीम को जिम्मेदारियां सौंपते हुए नेताओं ने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर जिला प्रधान साहिज पाल ने कहा कि युवा क्रांति संगठन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही दिशा में ले जाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। कुलदीप कुमार सोनू (डीएवी), मोनू, जस्स, सम, सोनू, वंश, भारत और राहुल समेत अन्य नेताओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई लंबी जरूर है, लेकिन संगठन पूरी ताकत के साथ इसे जीतने के लिए तैयार है।
बैठक में शामिल युवाओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वे समाज में बेहतर माहौल बनाने के लिए संगठन के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए घर-घर तक पहुंच बनाई जाएगी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में और बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस मुहिम से जोड़ा जा सके और पंजाब को नशा मुक्त बनाने का सपना साकार किया जा सके।

