छत के रास्ते घुसे चोर, CCTV तोड़कर भी ले गए साथ
जालंधर 25 फरवरी (ब्यूरो) :
जालंधर में फगवाड़ा गेट इलाके में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों का सामान और नगदी उड़ा ली।
जानकारी के अनुसार, प्रताप चौक के पास स्थित फगवाड़ा गेट क्षेत्र में देर रात चोरों ने अजनता इलेक्ट्रॉनिक, भल्ला एंड कंपनी और एमएल इंडस्ट्री की दुकानों के शटर और छत के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों से नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए, साथ ही पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
मार्केट के प्रधान सहगल ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत अन्य व्यापारियों और पुलिस को सूचित किया गया। भल्ला एंड कंपनी के मालिक के अनुसार चोर तिजोरी से करीब 20 से 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए। वहीं अजनता इलेक्ट्रॉनिक के मालिक प्रवीण ने बताया कि चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे और नगदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
एमएल इंडस्ट्री के मालिक चंदन शर्मा ने कहा कि उनकी दुकान में यह तीसरी बार चोरी हुई है और हर बार आसपास की तीन दुकानों को एक साथ निशाना बनाया जाता है। उन्होंने बताया कि पहले भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन घटनाएं लगातार जारी हैं।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों से इलाके में डर का माहौल बन गया है। पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

