रात के सन्नाटे में दरगाह में हाथ साफ करने पहुंचा चोर लोगों के हत्थे चढ़ा

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

रात के सन्नाटे में दरगाह में हाथ साफ करने पहुंचा चोर लोगों के हत्थे चढ़ा

जालंधर 31 जनवरी (ब्यूरो) : शुक्रवार देर रात बस स्टैंड फ्लाईओवर के नजदीक स्थित एक दरगाह में चोरी की नीयत से घुसे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी दरगाह के अंदर रखी दान पेटी को खोलने में जुटा हुआ था, तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया।

 

शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग और ऑटो चालक मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख युवक जमीन पर लेट गया और यह कहने लगा कि वह सो रहा है, लेकिन लोगों को उस पर शक हुआ। जब दरगाह के अंदर जांच की गई तो दान पेटी का ताला टूटा हुआ मिला और उसकी चाबियां पास में ही पड़ी थीं।

दरगाह के सेवादार के अनुसार रात को दरगाह बंद कर दी गई थी। आरोपी ने बाहर लगे फ्लेक्स को फाड़कर अंदर प्रवेश किया था। एक राहगीर ने उसे अंदर जाते हुए देखा और तुरंत ऑटो चालकों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सभी ने मिलकर युवक को पकड़ लिया।

घटना की सूचना बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *