जालंधर : बेखौफ चोरों का कहर, एक ही रात में सात दुकानों पर धावा, लाखों की चोरी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर : बेखौफ चोरों का कहर, एक ही रात में सात दुकानों पर धावा, लाखों की चोरी

 

जालंधर 27 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के करतारपुर इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार करतारपुर के मुख्य बाजार में, थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित सात दुकानों को चोरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। इस दौरान चोरों ने दुकानों के शटर तोड़ दिए, लेकिन वे एक शॉकर रिपेयरिंग की दुकान से करीब साढ़े चार लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर उसकी दुकान से नए और पुराने शॉकरों के साथ-साथ मरम्मत के लिए इस्तेमाल होने वाले जरूरी औजार भी साथ ले गए। उन्होंने बताया कि चोरी के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर इंसाफ दिलाने की मांग की है।

 

मामले में अपने रिश्तेदार का हाल जानने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के नेता तरसेम थापा ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तीन नकाबपोश युवक एक छोटे हाथी वाहन में सवार होकर आए और वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित दुकानदार शॉकर बेचने और उनकी मरम्मत का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन चोर दुकान से उसका लगभग सारा कीमती सामान उठाकर ले गए, जिससे उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

 

तरसेम थापा ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से कुछ ही कदमों की दूरी पर थाना मौजूद है, इसके बावजूद बेखौफ चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

 

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर रोष पाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि बाजार जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *