इनोसेंट हार्ट स्कूल में आयोजित हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम में छात्रों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा,पढ़े
जालंधर 12 फरवरी (ब्यूरो) : इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, लोहारां में हेल्थ एंड वेलनेस क्लब के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिशा और इनिशिएटिव के तहत अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया के पंजाब स्टेट चैप्टर द्वारा डॉ. निधि प्रहार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मुख, दांत, जबड़े और चेहरे से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं, उनके आधुनिक उपचार और बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सरल भाषा में विद्यार्थियों को दांतों और मुख की नियमित सफाई के महत्व, खेल या दुर्घटनाओं के दौरान चेहरे और जबड़े की चोटों से बचाव, ओरल कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर जांच की आवश्यकता, असंतुलित खान-पान, तंबाकू और नशे के मौखिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव तथा जटिल मुख और जबड़े की समस्याओं के उपचार में ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जनों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर पावर-पॉइंट प्रस्तुति, वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। छात्रों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि स्वस्थ मुस्कान ही स्वस्थ जीवन की पहचान है। साथ ही उन्हें नियमित दंत जांच, संतुलित आहार और स्वच्छता की आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर डायरेक्टर सीएसआर डॉ. पलक गुप्ता बौरी ने पंजाब स्टेट चैप्टर के विशेषज्ञ डॉक्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
इनोसेंट हार्ट्स के अध्यक्ष डॉ. अनूप बौरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिसने उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

