लोहड़ी पर्व के एक दिन पहले जालंधर के इस इलाके से चाइना डोर का ज़ाखिरा बरामद, देखें वीडियो
जालंधर 12 जनवरी (ब्यूरो) : कल पूरे देश में लोहड़ी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन सुबह से ही लोग अपने घरों की छतों पर पतंगबाजी का आनंद लेते नजर आते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पतंग उड़ाने का उत्साह देखने को मिलता है। लेकिन बीते कुछ वर्षों से पतंगबाजी के इस त्योहार पर एक गंभीर और जानलेवा खतरा भी सामने आया है, जिसे चाइनीज डोर कहा जाता है। यह डोर बेहद पतली और तेज होती है, जो इंसानों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। कई मामलों में यह डोर लोगों की गर्दन, हाथ या चेहरे पर फंसकर गंभीर चोट का कारण बनी है, वहीं कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। पक्षियों के लिए तो यह डोर किसी जाल से कम नहीं, जिसमें फंसकर वे तड़प-तड़पकर दम तोड़ देते हैं।
चाइनीज डोर पर सरकार और प्रशासन द्वारा पहले से ही प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद कुछ लोग मुनाफे के लालच में चोरी-छिपे इसका भंडारण और बिक्री कर रहे हैं। इसी कड़ी में लोहड़ी से ठीक एक दिन पहले जालंधर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चाइनीज डोर के गट्टू बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जालंधर के न्यू राय नगर इलाके में की गई, जहां एक मकान के अंदर चाइनीज डोर का अवैध भंडारण किया गया था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू राय नगर में स्थित एक घर में चाइनीज डोर के गट्टू छिपाकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही थाना बस्ती बाबा खेल की पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घर की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को वहां भारी मात्रा में चाइनीज डोर के गट्टू और डिब्बे पड़े हुए मिले, जिन्हें देखकर यह साफ हो गया कि यह डोर बिक्री के उद्देश्य से स्टॉक की गई थी।
मौके पर मौजूद थाना बस्ती बाबा खेल के एएसआई जुगल किशोर ने बताया कि सूचना के आधार पर जब पुलिस ने कार्रवाई की तो घर के अंदर बड़ी संख्या में चाइनीज डोर के गट्टू पाए गए। उन्होंने बताया कि चूंकि यह डोर पूरी तरह से प्रतिबंधित है और इससे जनहानि की आशंका रहती है, इसलिए पुलिस ने तुरंत मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा डोर को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एएसआई जुगल किशोर ने यह भी बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वहां कुल कितनी मात्रा में चाइनीज डोर रखी गई थी। घर को पूरी तरह खोलकर और गहन जांच के बाद ही इसकी सही संख्या का पता लगाया जा सकेगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह डोर कहां से लाई गई थी और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस की इस कार्रवाई को लोहड़ी जैसे बड़े त्योहार से पहले एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे चाइनीज डोर का इस्तेमाल न करें और न ही इसकी खरीद-फरोख्त में शामिल हों। पतंगबाजी का आनंद जरूर लें, लेकिन सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल सूती डोर का ही प्रयोग करें, ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े और त्योहार खुशियों के साथ मनाया जा सके।

