जालंधर : प्रताड़ना से तंग महिला ने लाइव आकर तोड़ी जिंदगी की डोर, फिर हमेशा के लिए हुई खामोश, देखें वीडियो
जालंधर 23 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के लाडोवाली रोड स्थित अर्जुन नगर से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि महिला ने यह कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतका की पहचान अर्जुन नगर निवासी पूजा के रूप में हुई है। रिश्तेदारों ने जब उसका लाइव वीडियो देखा तो तुरंत परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता रमेश कालियां के अनुसार, उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल 2024 को अमृतसर के रमेश नगर निवासी हरीश के साथ हुई थी, जो सेना में क्लर्क के पद पर तैनात है। पिता ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही पूजा को दहेज को लेकर ससुराल में परेशान किया जाने लगा। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी थी। उनका कहना है कि दामाद हरीश तलाक लेना चाहता था, लेकिन पूजा अपने घर को बचाना चाहती थी और पति के साथ ही रहना चाहती थी।
परिवार के मुताबिक, पूजा एक दिन पहले अपने ससुराल गई थी, लेकिन उसे वहां से वापस भेज दिया गया। घर लौटने के बाद उसने कहीं से जहरीला पदार्थ लाकर खा लिया और सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने दर्द और प्रताड़ना की पूरी कहानी बयां की। इसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बारादरी के एएसआई विनय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि महिला ने ससुराल पक्ष से परेशान होकर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और घरेलू विवादों की दर्दनाक हकीकत को सामने ला दिया है, जिसने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

