जालंधर के भार्गव कैंप में महिला को पुलिस ने बालों से पकड़ घसीटा

CRIME JALANDHAR Uncategorized ZEE PUNJAB TV

युवक और ASI के बीच हाथापाई, सारी घटना Cctv में कैद

जालंधर 20 मार्च (ब्यूरो) : भार्गव कैंप इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब पुलिस टीम एक घर में कार्रवाई के लिए पहुंची और परिवार के साथ हाथापाई हो गई। इस दौरान हुई पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

 

परिवार का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ मारपीट की। महिला को बालों से पकड़कर पीटने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में महिला के सिर पर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

 

ममता नामक महिला ने बताया कि उसका बेटा और बहू एक दिन पहले अपने ससुराल गए थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद बेटा अपनी बेटी को लेकर घर लौट आया। इस मामले में बहू ने थाना भार्गव कैंप में शिकायत दे दी थी। ममता के अनुसार, उसने अपने बेटे को थाने जाने के लिए कहा, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया।

महिला का आरोप है कि शुक्रवार सुबह वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी, तभी पुलिस टीम घर पहुंची। उन्होंने पुलिस से कहा कि वे खुद थाने आ जाएंगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी और मारपीट शुरू कर दी। जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आई तो एक पुलिसकर्मी ने उसे बालों से पकड़कर पीटा।

वहीं, एडीसीपी सिटी-2 राकेश कुमार यादव ने बताया कि यह मामला एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसकी शिकायत पुलिस को मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस टीम जांच के लिए घर गई थी, जहां किसी बात को लेकर माहौल बिगड़ गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच एसीपी वेस्ट को सौंप दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *