नहीं रहे He Man धर्मेंद्र, 89 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
न्यूज़ नटवर्क 24 नवंबर (ब्यूरो) : ही-मैन के नाम से मशहूर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके जाने से सिनेमा जगत और देओल परिवार में गहरा शोक फैल गया है। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। बाद में उन्हें घर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। लेकिन सोमवार को उनके निधन की खबर सामने आई, जिसकी जानकारी फिल्ममेकर करण जौहर ने सोशल मीडिया पर साझा की।
धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन भी पहुंचे। फिल्म ‘शोले’ में जय-वीरू बनकर दोनों ने दोस्ती का जो रिश्ता निभाया था, वह असल जिंदगी में भी बरकरार रहा। धर्मेंद्र के निधन से यह दोस्ती हमेशा के लिए अधूरी हो गई।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश लिखकर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि यह एक युग का अंत है। धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में रहे हैं। उनकी स्क्रीन उपस्थिति, व्यक्तित्व और विनम्रता ने इंडस्ट्री का दिल जीता। करण ने कहा कि वह सिर्फ महान अभिनेता ही नहीं, बल्कि बेहतरीन इंसान भी थे और उनका स्थान कभी कोई नहीं ले सकेगा।
सुबह से ही धर्मेंद्र के घर के बाहर हलचल बनी हुई है। उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल श्मशान घाट के बाहर नजर आईं। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
धर्मेंद्र के घर के बाहर एंबुलेंस देखे जाने के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। घर से करीब 50 मीटर दूरी तक बैरिकेड लगाई गई। इससे फैंस की चिंताएं बढ़ गई थीं। दो सप्ताह पहले उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी और घर पर डॉक्टरों की निगरानी जारी थी। लेकिन सोमवार को आई खबर ने सभी प्रशंसकों को झकझोर दिया। उनके अंतिम संस्कार में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे पहुंच रहे हैं।


