वंदे भारत का त्योहार और पर्यटन सीजन से पहले यात्रियों को राहत भरी सौगात
न्यूज नेटवर्क 25 फरवरी (ब्यूरो) : तीर्थ यात्रा और पर्यटन करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेल ने वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन अब जम्मू तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले यह ट्रेन माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्रीनगर के बीच संचालित होती थी। रेलवे 1 मार्च से नई व्यवस्था लागू करेगा।
रेलवे के अनुसार ट्रेन के कोचों (डिब्बों) की संख्या भी बढ़ाई जा रही है, जिससे सीट क्षमता में इजाफा होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। इससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को यात्रा में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन संख्या 26401/26402 वंदे भारत एक्सप्रेस अब जम्मू से संचालित होगी। लंबे समय से यात्रियों, विशेषकर तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की मांग थी कि इस हाई-स्पीड ट्रेन का विस्तार जम्मू तक किया जाए, ताकि यात्रा और अधिक सुविधाजनक बन सके। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
नई समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 26401 सुबह 6:15 बजे जम्मू से रवाना होगी, 8:10 बजे माता वैष्णो देवी कटड़ा में ठहराव के बाद 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26402 दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से चलकर 4:58 बजे माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी और शाम 6:50 बजे जम्मू पहुंचेगी। इस शेड्यूल से यात्रियों को सुबह और दोपहर दोनों समय यात्रा का विकल्प मिलेगा।
त्योहारी सीजन, पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस फैसले को अहम माना जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस की तेज रफ्तार, आरामदायक सीटिंग, आधुनिक सुविधाएं और कम यात्रा समय पहले ही यात्रियों के बीच लोकप्रिय हैं। अब जम्मू तक विस्तार होने से जम्मू-कश्मीर मार्ग पर यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।
माता वैष्णो देवी के दर्शन और कश्मीर की वादियों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को एक ही ट्रेन से बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से समय-सारिणी और बुकिंग संबंधी जानकारी आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है।

