केंद्र सरकार द्वारा पंजाब में लोगों के राशन कार्ड काटना निंदनीय : संजीव भगत जिला मीडिया इंचार्ज
जालंधर, 23 अगस्त (ब्यूरो) : पंजाब में लाखों गरीब परिवारों के राशन कार्ड काटे जाने के मामले पर आम आदमी पार्टी जालंधर के जिला मीडिया इंचार्ज संजीव भगत ने केंद्र की भाजपा सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाखों गरीबों को राशन से वंचित करने का निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है। एक तरफ भाजपा चुनावों के दौरान गरीबों के अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं गरीबों की रोटी पर कैंची चलाने की साज़िश करती है।
संजीव भगत ने कहा कि गरीब, मज़दूर और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए राशन ही उनके घर का सबसे बड़ा सहारा होता है। राशन कार्ड काटकर उनके बच्चों की थाली से रोटी छीनी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा पंजाब के हकों के साथ भेदभाव किया है और अब गरीबों के अधिकारों पर भी हमला बोला जा रहा है। यह निर्णय सिर्फ़ जनविरोधी ही नहीं बल्कि मानवता विरोधी भी है।
संजीव भगत ने स्पष्ट कहा कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार हर हाल में गरीबों के हक़ की रक्षा करेगी। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि अगर यह जनविरोधी फैसला वापस नहीं लिया गया, तो गरीबों की आवाज़ को सड़कों से लेकर संसद तक बुलंद किया जाएगा।


