पंजाब के इन 6 जिलों में आज से चलेगी शीत लहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट,पढ़े
न्यूज़ नेटवर्क 28 नवंबर (ब्यूरो) : मौसम विभाग ने आज पंजाब के छह जिलों में शीत लहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें फाजिल्का, मुक्तसर साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, जालंधर और मोगा शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस घटा है, जिससे यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। पंजाब में सबसे ठंडा स्थान फरीदकोट रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध दिखाई दे सकती है। हालांकि, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा, जिसके बाद फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान में भी 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
पंजाब और चंडीगढ़ में हवा प्रदूषित बनी हुई है। लगभग सभी स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से ऊपर है। सुबह 6 बजे अमृतसर का AQI 114, बठिंडा 78, जालंधर 128, खन्ना 109, मंडी गोबिंदगढ़ 123, पटियाला 148 और रूपनगर 60 दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, चंडीगढ़ की हवा भी प्रदूषित पाई गई। यहां सेक्टर 22 में AQI 84, सेक्टर 25 में 107 रहा, जबकि सेक्टर 53 का AQI रिकॉर्ड नहीं किया जा सका।


