DGP और पुलिस कमिश्नर भारी पुलिस फोर्स सहित पहुंचे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन, देखें वीडियो

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

DGP और पुलिस कमिश्नर भारी पुलिस फोर्स सहित पहुंचे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन, देखें वीडियो

जालंधर 9 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर में रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए स्पेशल डीजीपी रेलवे गुरप्रीत दियो की अगुवाई में भारी पुलिस बल ने सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई पंजाब भर में चल रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत की गई, जिसके अंतर्गत गैंगस्टरों, नशा तस्करों और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।

 

ऑपरेशन प्रहार-2 को लेकर पूरे राज्य की पुलिस सक्रिय है और अलग-अलग इलाकों में अपराध के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जालंधर कैंट स्थित रेलवे स्टेशन पर कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया गया, जहां यात्रियों के बैगों की गहन तलाशी ली गई और आसपास पड़ी संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई।

 

मौके पर पुलिस कमिशनर धनप्रीत कौर और एसपी हरिंदर सिंह गिल भी मौजूद रहे। एसपी गिल ने रेलवे स्टेशन परिसर में अलग-अलग टीमें तैनात कर जांच के निर्देश दिए। सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी लगाया गया। पुलिस कर्मियों द्वारा बेंचों पर रखे बैगों की तलाशी ली गई और यात्रियों से पूछताछ की गई, जिससे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत दियो ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत राज्य भर में गैंगस्टरों और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आज लगभग 45 स्थानों पर रेड की गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ शहर के अंदरूनी और बाहरी इलाकों में भी विशेष नाकेबंदी की गई है।

 

पुलिस कमिशनर ने बताया कि संदिग्ध इलाकों में की गई रेड के दौरान करीब 50 लोगों को राउंडअप किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तीन दिनों तक जारी रहेगा और सर्च ऑपरेशन से जुड़ी आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *