मोटर ग्रेडर मशीन से टकराने के बाद भड़की आग
जालंधर 6 मार्च (ब्यूरो) : गोराया के नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब चचराड़ी ओवरब्रिज पर एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि उस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार सौवर सिंह मोटर ग्रेडर मशीन को लेकर पटियाला से अमृतसर की ओर जा रहे थे। जब वह गोराया के चचराड़ी ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो उनकी मशीन अचानक खराब हो गई। वह मशीन को देखने के लिए नीचे उतरे ही थे कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने मशीन को टक्कर मार दी। सौवर सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और ट्रक में कोई केमिकल जैसा सामान लोड था, जिसके कारण टक्कर के बाद तुरंत आग भड़क उठी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने ट्रक चालक को नीचे उतारा तो वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा एक ट्रक चचराड़ी ओवरब्रिज पर खड़ी मोटर ग्रेडर मशीन से टकरा गया है, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि ट्रक और मोटर ग्रेडर मशीन दोनों आग की लपटों में घिरे हुए थे। ट्रक में प्लास्टिक का दाना लोड होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और गोराया पुलिस को दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क सुरक्षा फोर्स ने हाईवे पर बैरिकेडिंग कर दी और ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट कर दिया ताकि कोई अन्य हादसा न हो सके। इसके बाद फिल्लौर और फगवाड़ा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

