कैशियर को गन प्वाइंट पर रख लूटा कैश, देखें Cctv
जालंधर 6 अप्रैल (ब्यूरो) : शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए दो नकाबपोश बदमाशों ने बैंक के अंदर घुसकर हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बैंक स्टाफ समेत ग्राहकों में भय का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुकी टाब के पास बैंक एन्क्लेव स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दो युवक बाइक पर पहुंचे। एक आरोपी अंदर दाखिल हुआ जबकि दूसरा बाहर खड़े होकर नजर रखता रहा। अंदर घुसे बदमाश ने सीधे कैश काउंटर पर पहुंचकर कर्मचारी को धमकाया और कैश सौंपने को कहा।
शुरुआत में कर्मचारी ने बात को टालने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। हालात को देखते हुए कर्मचारी को नकदी देनी पड़ी। उस समय बैंक के भीतर कुछ ग्राहक भी मौजूद थे, जो अचानक हुई इस वारदात से सहम गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लूटी गई रकम का आकलन किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

