जालंधर: कपड़ों की दुकान में आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

दुकान में धुआं भरने से रखा ग्राहकों का सामान जला

जालंधर 16 मार्च (सुखविंदर बग्गा) : जालंधर के लंबा पिंड चौक स्थित ड्रेस गुरु नाम की दुकान में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। आग लगने से दुकान में रखे कई महंगे कपड़े जलकर खराब हो गए।

 

दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में ग्राहकों के कई कपड़े तैयार रखे हुए थे, जो आग और धुएं के कारण खराब हो गए। आग लगने से दुकान में रखा काफी सामान जल गया और धुएं के कारण अन्य कपड़ों को भी नुकसान पहुंचा। दुकानदार के अनुसार इस घटना में करीब 15 से 25 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे मनु ने बताया कि यह उनके दोस्त की दुकान है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद वह तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई थी, लेकिन उससे पहले ही दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर काफी धुआं भरा हुआ था। शटर खोलने पर पता चला कि आग ऊपर वाली मंजिल पर लगी हुई थी।

दुकान मालिक सागर ने बताया कि सुबह करीब सवा 10 बजे दुकान खोलते समय अचानक आग लगने का पता चला। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दुकान के पीछे स्थित विनय नगर इलाके में भी शॉर्ट सर्किट के कारण कुछ नुकसान होने की जानकारी मिली है।

सागर के अनुसार दुकान में लगे अग्निशमन यंत्र और वहां मौजूद पानी की मदद से कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग के कारण दुकान में रखा काफी सामान धुएं और गर्मी से खराब हो गया है और नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

मनु ने बताया कि ड्रेस गुरु में कई लोग अपने कपड़े सिलवाने आते हैं और इस घटना में कई ग्राहकों के कपड़े खराब हो गए हैं। घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही दुकान के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *