तेज रफ्तार सफारी कार ने बाइक को मारी टक्कर

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जोरदार टक्कर से सात से दस फीट तक उछले बाइक सवार, घटना CCTV में कैद

जालंधर 13 मार्च (ब्यूरो) : काला सघियां इलाके में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक ओवरस्पीड सफारी कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दोनों युवक करीब सात से दस फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

https://www.facebook.com/share/v/1CPNmzhGUC/

 

हादसे के समय सड़क से गुजर रही कुछ महिलाएं और एक छोटी बच्ची भी वहां मौजूद थीं, जो बाल-बाल बच गईं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद एक युवक मौके पर ही बेसुध हो गया था, जबकि दूसरे युवक की दोनों टांगें फ्रैक्चर बताई जा रही हैं।

मौके पर मौजूद अमरीक सिंह ने बताया कि सफारी कार में दो लोग सवार थे और कार घास मंडी की तरफ से काला सघियां रोड की ओर आ रही थी। इसी दौरान कार चालक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी हालत गंभीर हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में रात के समय अक्सर वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। कई बार प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग भी की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के बाद लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना भार्गव कैंप की पुलिस दोनों कार सवारों को हिरासत में लेकर थाने ले गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *