दहेज की आग में बुझ गई नवविवाहिता की जिंदगी,परिजनों का फूटा गुस्सा,परिवार ने लगाया गला घोंट कर मारने का आरोप
जालंधर 17 फरवरी (ब्यूरो) : मंगलवार को जालंधर के रामा मंडी क्षेत्र के जोगिंदर नगर में उस समय दहशत और तनाव का माहौल बन गया, जब एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला घोंटकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी हंगामा भी देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार अर्जुन नगर, लाडोवली रोड की रहने वाली निशु की शादी करीब एक वर्ष पहले जोगिंदर नगर निवासी अविनाश के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे परेशान किया जाने लगा था। बीते 6 से 7 महीनों से उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। कभी किसी सामान की मांग की जाती तो कभी उसे मानसिक रूप से परेशान कर दबाव बनाया जाता था।

परिजनों ने बताया कि बढ़ते विवाद को देखते हुए करीब पांच महीने पहले दोनों परिवारों के बीच समझौता करवाया गया था। रिश्तेदारों और पंचायती स्तर पर बातचीत के बाद निशु को दोबारा ससुराल भेजा गया, ताकि वह अपनी वैवाहिक जिंदगी को सामान्य रूप से आगे बढ़ा सके। लेकिन आरोप है कि समझौते के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ और उसके पति व सास द्वारा उसे लगातार तंग किया जाता रहा।

मृतका की चाची के अनुसार मंगलवार को अचानक निशु के पति अविनाश का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि निशु की मौत हो चुकी है। पहले तो परिवार ने इसे मजाक समझा, लेकिन जब वे तुरंत ससुराल पहुंचे तो निशु के गले पर गहरे निशान पाए गए। परिजनों का आरोप है कि निशान देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसका गला घोंटकर हत्या की गई है।
यह दृश्य देखकर मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद निशु की सास पहले ही घर से फरार हो चुकी थी, जबकि उसका पति अविनाश मौके पर मौजूद था। गुस्साए परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद वह मौका देखकर वहां से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि लड़की पक्ष के परिवार वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

