जालंधर में इस Travels Agent के खिलाफ किसानों का धरना,फर्जी वीजा के नाम पर 45 लाख की ठगी का आरोप
जालंधर 25 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर में सविधान चौक के पास स्थित Japnoor Travels के खिलाफ किसानों ने धरना देकर ट्रैवल एजेंट पर फर्जी वीजा के जरिए लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप लगाए हैं।
भुलत्थ निवासी सतमान सिंह पर आरोप लगाया कि उन्हें विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा लगाकर एयरपोर्ट तक पहुंचा दिया, जहां जांच के दौरान उन्हें रोक लिया गया। उन्होंने बताया कि एजेंट का अशोक नाम का व्यक्ति पार्टनर है, जबकि मनदीप सिंह दफ्तर का कामकाज संभाल रहा है।
किसान नेता सुखचैन सिंह ने कहा कि कनाडा का वीजा लगवाने के नाम पर उनसे 45 लाख रुपये लिए गए थे, लेकिन वीजा नहीं लगवाया गया। उन्होंने बताया कि 10 साल के मल्टीपल वीजा के मामले में एयरपोर्ट पर रोक दिए जाने के बाद एजेंट ने 19 लाख रुपये वापस कर दिए और बाकी रकम 5-5 लाख रुपये की किस्तों में लौटाने का वादा किया, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, वीजा प्रक्रिया के लिए हीरा सिंह के जरिए एजेंट से संपर्क कराया गया था और रकम उसके खाते में ट्रांसफर की गई। बाद में हीरा सिंह के बेटे प्रबल ने एजेंट के खाते में पैसे भेजे। परिवार ने बताया कि पैसे जुटाने के लिए उन्हें डेढ़ किला जमीन तक बेचनी पड़ी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि लंबे समय से पैसे वापस न मिलने और लगातार परेशान किए जाने के कारण पीड़ित ने आत्महत्या की कोशिश भी की। किसानों का कहना है कि पिछले दो साल से उन्हें न्याय नहीं मिला, जिसके चलते मजबूर होकर ट्रैवल एजेंट के दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है।

