चाय की चुस्की में बेहोशी का काम,आंख खुली तो हुआ पड़ा था यह कांड,पढ़े

CRIME PUNJAB ZEE PUNJAB TV

चाय की चुस्की में बेहोशी का काम,आंख खुली तो हुआ पड़ा था यह कांड,पढ़े

न्यूज नेटवर्क 7 फरवरी (ब्यूरो ) : मुक्तसर के मलोट शहर की बिरला कॉलोनी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नेपाली मूल की एक नौकरानी ने अपने मालिक के घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि नौकरानी ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर मकान मालकिन को बेहोश किया और अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर से लाखों की नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गई।

 

जानकारी के मुताबिक, आढ़ती विनोद जग्गा के घर पर काम करने वाली नेपाली युवती को महज 15 दिन पहले ही नौकरी पर रखा गया था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे उसने दो अज्ञात व्यक्तियों को घर बुलाया। इसके बाद उसने घर की मालकिन और वहां काम कर रही दूसरी नौकरानी को चाय दी। चाय पीते ही दोनों महिलाएं बेसुध हो गईं। इसी दौरान अलमारी से करीब पांच लाख रुपये नकद और तीन तोले सोने के गहने निकाल लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती अपने साथियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गई।

 

जब विनोद जग्गा की पत्नी को होश आया तो घर का सामान बिखरा हुआ था और नौकरानी गायब थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भी इस तरह की वारदात को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

सूचना मिलते ही थाना सिटी मलोट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परेशानी की बात यह है कि परिवार ने नौकरानी को काम पर रखने से पहले पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी और न ही उसके कागजात या पहचान से जुड़े दस्तावेज रखे गए थे, जिससे उसकी पहचान करने में मुश्किल आ रही है।

 

थाना सिटी मलोट के एसएचओ हरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर में किसी भी नौकर या नौकरानी को रखने से पहले उसकी पूरी जानकारी और दस्तावेज पुलिस को जरूर दें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस हर पहलू से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *