जालंधर में थाने के बीच पुलिस के सामने चले लात घूंसे,पुलिस ने गेट किया बंद

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

वीडियो हुई सोशल मीडिया पर वायरल

जालंधर 15 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के बूटा मंडी इलाके में ढाबा मालिक और एक युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जो बाद में थाने तक पहुंच गया। थाने के अंदर ही पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई, जिसकी वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बना ली और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

 

जानकारी के अनुसार बूटा मंडी में स्थित एक ढाबे के मालिक ने एक युवक पर लकड़ी चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके बाद ढाबा मालिक ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया और पुलिस उसे थाने ले आई।

इस संबंध में डॉक्टर बी.आर. अंबेडकर सेल पंजाब शहरी के युवा अध्यक्ष सतीश कुमार खोसला ने बताया कि वे फाइनेंस का काम करते हैं और उनके पास इंद्रजीत नाम का युवक काम करता है। इंद्रजीत का साला जोबन बूटा मंडी में स्थित शेरू पंजाबी ढाबा के पास से गुजर रहा था। आरोप है कि ढाबे के बाहर पड़ी एक टेबल की लकड़ी उसने उठा ली, जिसके बाद ढाबा संचालक ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जोबन की बाजू तीन जगह से टूट गई। इसके बाद ढाबा संचालक ने पुलिस को शिकायत दी और पुलिस युवक को थाने ले आई। जब पीड़ित परिवार मदद के लिए उनके पास पहुंचा तो वे परिवार के साथ थाने पहुंचे। उनका आरोप है कि थाने के अंदर ही ढाबा संचालक और उसके साथियों ने पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ हाथापाई की। इस दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी टूट गई। उन्होंने इस मामले की शिकायत थाना भार्गव कैंप की पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

थाना भार्गव कैंप के जांच अधिकारी लखबीर सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ दरवाजा तोड़ने के आरोप को लेकर शिकायत मिली थी, जिसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत दोनों पक्षों को अलग कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *