पंजाब पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी आतंकी साजिश नाकाम, केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त ऑपरेशन
न्यूज नेटवर्क 9 अप्रैल (ब्यूरो) : अमृतसर ग्रामीण, गुरदासपुर पुलिस और एसएसओसी अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक अहम कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकी नेटवर्क को बेनकाब किया है। इस ऑपरेशन में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि यह गिरोह विदेश में बैठे संचालकों के निर्देशों पर सक्रिय था और इसके संबंध एक प्रतिबंधित संगठन से जोड़े जा रहे हैं।

जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में खतरनाक सामग्री बरामद की है। इसमें 5 हैंड ग्रेनेड, 2 विशेष डेटोनेटर, कोडिंग-डिकोडिंग सिस्टम से लैस पीटीटी टाइमर, 9 वोल्ट बैटरियां, लगभग एक किलो विस्फोटक सामग्री (जिसे कीलों के साथ पैक किया गया था) और एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी के साथ ट्रिगर सिस्टम शामिल है।
एजेंसियों का मानना है कि इस सामग्री का इस्तेमाल किसी भी भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़े हमले के लिए किया जा सकता था, जिससे भारी जनहानि होने की आशंका थी।
इस संबंध में गुरदासपुर के कलानौर थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, उनके संपर्कों और विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच में जुटी हैं। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर उन्हें किस तरह की मदद मिल रही थी। अधिकारियों के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

