जालंधर : सब्जी लेकर घर लौट रहे ई रिक्शा को कार ने मारी टक्कर,महिला व बच्ची की मौत

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

कार चालक ने पुलिस कर्मी की वर्दी पर डाला हाथ,गुस्साए परिजनों ने थाने के बाहर किया हंगामा, देखें वीडियो

जालंधर 7 मार्च (ब्यूरो) : लेदर कॉम्प्लेक्स रोड स्थित एमएस फार्म के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार महिला और उसकी 10 वर्षीय नाती की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने कार चालक पर नशे में धुत होकर गाड़ी चलाने के आरोप लगाए और थाना बस्ती बावा खेल के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत करवाया।

 

मृतकों की पहचान पारस स्टेट निवासी 52 वर्षीय शीतल शर्मा और 10 वर्षीय माही के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक सौरभ महिला और उसकी नाती के साथ सब्जी लेने के लिए बाबू जगजीवन राम चौक के पास गया था। सब्जी लेने के बाद जब वह दोनों को लेकर वापस घर लौट रहा था, तो लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर MS फार्म के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और उसकी नाती ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद गुस्साए परिजन थाना बस्ती बावा खेल पहुंच गए और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि कार चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

वहीं मौके पर सूचना मिलने के बाद पहुंची PCR टीम ने जब कार चालक को पकड़ने लगे तो उक्त चालक पुलिस कर्मचारियों के साथ बतमीजी करने लगा और पुलिस कर्मी की वर्दी तक को हाथ डाल लिया। चालक को बड़ी मुश्किल से पुलिस कर्मियों ने काबू किया।

वहीं एसीपी वेस्ट आतीश ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *