फिल्मी अंदाज में लूट, पिस्तौल दिखाकर व्यक्ति से छीने पैसे

CRIME PUNJAB ZEE PUNJAB TV

वारदात देख राहगीर मदद को पहुंचा तो बाइक छोड़ खेतों में भागा लुटेरा, घटना CCTV में कैद

न्यूज नेटवर्क 16 मार्च (ब्यूरो) : फगवाड़ा में दिनदहाड़े लूट की एक वारदात सामने आई है। यहां कबाड़ का काम करने वाले एक व्यक्ति को बाइक सवार युवक ने पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़ित शौकत ने बताया कि वह कबाड़ की फेरी लगाकर अपना गुजारा करता है। जब वह इलाके से गुजर रहा था, तभी एक बाइक सवार युवक ने उसे रोक लिया। आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उससे 12 हजार रुपये छीन लिए। जब उसने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया तो आरोपी घबरा गया और अपनी बाइक वहीं छोड़कर खेतों की ओर भाग गया।

मौके पर मौजूद सुखचैन नगर निवासी गौरव ने बताया कि जब तक वह मदद के लिए वहां पहुंचता, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *