जालंधर : दिन चढ़ते ही इस इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, रास्तों को किया सील,लोग हुए परेशान
जालंधर 10 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के लतीफपुरा इलाके में अवैध कब्जों को हटाने को लेकर मंगलवार सुबह तड़के प्रशासन ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई दिसंबर 2022 में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा अवैध मकानों को गिराए जाने के बाद उत्पन्न हालात और उसके बाद चले लंबे विवाद की कड़ी मानी जा रही है। उस समय प्रभावित लोगों ने सड़क पर कब्जा कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिसके कारण मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने सार्वजनिक व्यवस्था और यातायात में आ रही बाधा को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सरकारी जमीन और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाए।
हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए लतीफपुरा इलाके में 100 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। सुबह के समय ही पुलिस और निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
कार्रवाई से पहले पुलिस ने लतीफपुरा में आने-जाने वाले चारों प्रमुख रास्तों को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया। सुरक्षा कारणों से आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। इसका सीधा असर रोजमर्रा के काम पर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों, दुकानदारों और राहगीरों पर पड़ा। रास्ते बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े, जिससे उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ा और कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। सुबह के समय यातायात प्रभावित रहने से लोगों में खासा रोष भी देखने को मिला।
इस दौरान नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमें सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर बैठे लोगों को हटाने की कार्रवाई में जुटी रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई किसी के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि हाईकोर्ट के आदेशों और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक रास्तों को कब्जा मुक्त कराना आवश्यक है, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात रखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन का दावा है कि कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।

