जालंधर के इन दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप,जांच में जुटी पुलिस,पढ़े

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर के इन दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप,जांच में जुटी पुलिस,पढ़े

जालंधर 2 मार्च (ब्यूरो) : पंजाब के जालंधर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शहर के दो नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी शहर के बीच स्थित Police DAV Public School (पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल) और रामामंडी क्षेत्र में स्थित APJ एपीजे स्कूल को भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

 

 

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग टीम को तैनात किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों स्कूल परिसरों की बारीकी से जांच की और हर कोने की तलाशी ली। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

 

प्रशासन के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन तलाशी अभियान चलाया गया और स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थिति को सामान्य बनाए रखने और अभिभावकों में दहशत न फैले, इसके लिए फिलहाल स्कूलों में छुट्टी घोषित नहीं की गई है तथा शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल किस स्थान से भेजा गया, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जांच में जुटी हुई है। ई-मेल के स्रोत को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की करतूत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *