अफवाहों के चलते दिन रात लग रही लंबी लाइनें, फुल टैंक करवा रहे लोग
जालंधर 27 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक असामान्य स्थिति देखने को मिली, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। अफवाह फैल गई कि पेट्रोल खत्म हो रहा है, जिसके चलते लोग दिन-रात तेल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे।
संविधान चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात भीड़ इतनी बढ़ गई कि कुछ ही समय में पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया और पंप को अस्थायी तौर पर बंद करना पड़ा। पंप पर तैनात सेल्समेन सुदर्शन सिंह ने बताया कि स्टॉक लगभग आधा घंटा पहले ही समाप्त हो गया था, जिस कारण पंप बंद करना पड़ा। उन्होंने साफ किया कि सप्लाई में हल्की देरी की वजह से यह स्थिति बनी है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
वहीं, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि तेल कंपनियों के पास पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। एसोसिएशन के प्रेजिडेंट सुखमोहन सिंह ने बताया कि लोग अफवाहों के कारण पैनिक होकर वाहनों की टंकियां फुल करवा रहे हैं, जिससे अचानक डिमांड बढ़ गई है और कुछ पंपों पर अस्थायी कमी महसूस हो रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ही तेल भरवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लॉकडाउन को लेकर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शहर में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य है और जल्द ही सभी पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

