हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
जालंधर 23 मार्च (ब्यूरो) : गोराया नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक ही घटना को लेकर दो अलग-अलग पक्ष सामने आए हैं।
कार सवार परिवार गांव अट्टी निवासी हरदीप सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जालंधर दवाई लेने जा रहे थे। गोराया के पास गांव अट्टा नहर के पीछे उनकी कार खड़ी थी। इसी दौरान लुधियाना की ओर से आ रही एक निजी कंपनी की तेज रफ्तार बस ने उनकी खड़ी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और परिवार के सदस्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
बस में सवार यात्रियों के अनुसार, बस काफी तेज गति में चल रही थी और उन्होंने कई बार चालक को रफ्तार कम करने के लिए कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। यात्रियों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी बस एक कार को टक्कर मारने से बाल-बाल बची थी।
वहीं बस चालक सरबजीत सिंह का कहना है कि वह लुधियाना से गोराया की ओर सर्विस लेन पर उतर रहा था, तभी एक कार गलत दिशा से यू-टर्न लेकर हाईवे पर चढ़ने लगी, जिसे उसने बचाया। इसके तुरंत बाद एक अन्य कार भी गलत साइड से हाईवे पर चढ़ने लगी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गोराया के एएसआई सुरिंदर मोहन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद सड़क के बीच क्षतिग्रस्त वाहन खड़े रहने से जाम लग गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।

