जालंधर : स्कूल में रोल नंबर लेने गई छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

CRIME EDUCATION Featured JALANDHAR

पिता बोले बेटी ने नहीं किया सुसाइड, सच को छुपाया जा रहा

जालंधर 2 मार्च (सुखविंदर बग्गा) : पंजाब के जालंधर के नूरपुर इलाके में स्थित नूरपुर के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर स्कूल के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिवार इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर रहा है।

 

 

मृतक छात्रा की पहचान 19 वर्षीय खुशप्रीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार खुशप्रीत घर से स्कूल केवल अपना रोल नंबर लेने के लिए गई थी, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगी। परिवार का आरोप है कि स्कूल में एक अध्यापिका द्वारा उस पर चोरी का आरोप लगाया गया था, जिससे वह गहरे मानसिक दबाव में आ गई और यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर हुई।

 

खुशप्रीत के पिता जरनैल सिंह ने बेहद भावुक होकर बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें शिवानी नाम की एक टीचर के नंबर से फोन आया था। फोन पर खुशप्रीत रोते हुए कह रही थी कि उस पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। कुछ समय बाद फिर उसी नंबर से कॉल आई और बताया गया कि चोरी किसी अन्य छात्रा ने की है और उसका पता चल गया है।

 

पिता के अनुसार करीब 15 मिनट बाद तीसरी बार फोन आया, जिसमें कहा गया कि टीचर के पर्स से पैसे चुराने वाली छात्रा को पकड़ लिया गया है और खुशप्रीत निर्दोष है। यह सब सुनकर परिवार को कुछ राहत मिली, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी बेटी के साथ कुछ अनहोनी हो चुकी है।

जब खुशप्रीत के पिता मोहल्ले के 1-2 लोगों को साथ लेकर स्कूल पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी बेटी का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था। यह मंजर देखकर परिवार सदमे में आ गया और पूरे स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

वहीं स्कूल स्टाफ की सदस्य सुनीता ने बताया कि बच्चों के शोर मचाने पर जब वे कमरे की ओर गए तो एक कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर छात्रा को पंखे से लटका हुआ पाया गया। इसके बाद तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। स्कूल स्टाफ और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक हंसती-खेलती बेटी की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे। वहीं परिजन अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *