पढ़ाई के लिए खरड़ गई थी युवती, परिवार ने करी निष्पक्ष जांच की मांग, देखें वीडियो
न्यूज नेटवर्क 22 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर की रहने वाली एक युवती ने खरड़ में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना संदिग्ध हालात में हुई है, जिसके बाद परिवार ने उसके एक दोस्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान हरदयाल नगर निवासी अनामिका के रूप में हुई है, जो खरड़ स्थित एक यूनिवर्सिटी में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ वह पार्ट टाइम काम भी करती थी। बताया जा रहा है कि उसकी दोस्ती जालंधर के संतोखपुरा निवासी युवराज से थी और दोनों के बीच करीबी संबंध थे।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए इसे आत्महत्या मानकर धारा 174 के तहत कार्यवाही शुरू कर दी है। हालांकि परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी ने यह कदम युवराज के कारण उठाया है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मृतका के भाई के अनुसार अनामिका अपने दोस्त युवराज से मिलने के लिए खरड़ गई थी। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह वापस अपने ठिकाने पर पहुंची और अगले ही दिन उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
वहीं, उसके साथ रहने वाली सहेली ने बताया कि सुबह उसने अनामिका को कॉलेज में पेपर देने के लिए उठाया था, लेकिन अनामिका ने कहा कि उसे पेपर की तैयारी नहीं है और वह बाद में आएगी। जब वह कॉलेज नहीं पहुंची तो युवराज का फोन आया कि अनामिका कॉल नहीं उठा रही। इसके बाद जब कमरे में जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई मिली।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

