Lucky ओबेरॉय कत्ल केस में नामजद हुए दलबीर सिंह दलबीरा ने किए अहम खुलासे
जालंधर 13 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर के मॉडल टाउन स्थित मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के बाहर लक्की ओबरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने नौकर शिंगरी को गिरफ्तार किया है। सात दिन तक अमृतसर पुलिस की कस्टडी में रहने के बाद देर रात उसे जालंधर लाया गया। आज शिंगरी को जालंधर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
वहीं इस मामले में दलबीर दलबीरा का नाम भी सामने आया था। घटना के बाद दलबीर ने सोशल मीडिया के जरिए कई खुलासे किए हैं। दलबीर का कहना है कि लक्की के भाई ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि वह लक्की को धमकी भरे फोन करता था, जबकि दलबीर का दावा है कि उसकी कभी लक्की से फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई।
दलबीर ने यह जरूर स्वीकार किया कि उसकी शशी शर्मा के साथ दुश्मनी है। उसने बताया कि उसका शशी के साथ मारपीट का विवाद हुआ था और उसने शशी को नुकसान भी पहुंचाया था। दलबीर का आरोप है कि शशी ने लक्की के भाई से मिलकर उसका नाम हत्या मामले में शामिल करवाया है।
दलबीर ने कहा कि वह कभी प्रधानगी के मामलों में नहीं पड़ा। उसका दावा है कि कुछ लोग गैंगस्टर बनने के लिए प्रधानगी को आधार बनाते हैं और खुद ही ऐसे विवाद खड़े करते हैं। उसने यह भी कहा कि उसकी कभी जोगा या लक्की से कोई बातचीत नहीं हुई, जबकि प्रधानगी को लेकर जोगा और लक्की के बीच विवाद हुआ था।
दलबीर ने बताया कि इस मामले में उसके नाम पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है, जबकि वह पिछले दो वर्षों से विदेश में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहा है और इस दौरान उसका किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ। उसने दावा किया कि पुलिस को भी पता है कि उसका नाम गलत तरीके से मामले में जोड़ा गया है, इसी कारण पुलिस उसके परिवार को परेशान नहीं कर रही है।

