जालंधर : नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान बवाल, वाहन के आगे-ऊपर चढ़कर विरोध

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर : नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान बवाल, वाहन के आगे-ऊपर चढ़कर विरोध

जालंधर 9 फरवरी (ब्यूरो) : जालंधर में श्री गुरु रविदास महाराज जयंती के अवसर पर लगाए गए मेले के बाद रास्ता खाली न करने वाले फड़ी वालों पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मेला समाप्त हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद सड़क पर अस्थायी दुकानों और फड़ियों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। प्रशासन की ओर से पहले ही फड़ी वालों को रास्ता खाली करने के लिए समय और चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही।

 

इसी के चलते सोमवार को नगर निगम की टीम ट्रैफिक पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से लगाए गए सामान को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हंगामा देखने को मिला।

जब नगर निगम की गाड़ी जब्त किया गया सामान लेकर जाने लगी तो एक महिला अचानक गाड़ी के आगे खड़ी हो गई और उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि नगर निगम कर्मचारियों ने महिला को समझाकर हटाया और सामान को गाड़ी में लादकर निगम कार्यालय ले जाया गया।

 

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई श्री गुरु रविदास चौक से लेकर वडाला चौक तक की गई है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों और फड़ी वालों को तीन दिन पहले ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि मेले के बाद सड़क खाली करनी होगी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसी वजह से ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से सख्त कदम उठाना पड़ा।

 

वहीं कार्रवाई से नाराज फड़ी वालों ने प्रशासन पर जल्दबाजी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सामान समेटने में उन्हें चार दिन का समय लगता है और वे आज पैकिंग कर रहे थे।

 

इसी दौरान नगर निगम की टीम ने उनका सामान जब्त कर लिया। फड़ी वालों का यह भी कहना था कि मेले में उनकी कमाई बेहद कम रही है, जबकि नगर निगम द्वारा जब्त किया गया सामान उसकी तुलना में कहीं अधिक की कीमत का है। उन्होंने माना कि रविवार तक का समय दिया गया था, लेकिन उनका दावा है कि वे उसी प्रक्रिया में थे कि अचानक कार्रवाई कर दी गई।

 

कार्रवाई के दौरान इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आम लोगों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *